हरिद्वार
नगर कोतवाली पुलिस ने सात वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ लैंगिक अपराध के आरोपी को शिकायत मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पोक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं, बिना पुलिस सत्यापन के आरोपी को किराए पर मकान देने के मामले में मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए ₹10,000 का चालान किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते रोज एक शिकायतकर्ता ने नगर कोतवाली हरिद्वार में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी 07 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ सूरज प्रकाश नामक व्यक्ति ने लैंगिक अपराध किया है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली नगर हरिद्वार में पोक्सो अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने विभिन्न माध्यमों से सुराग जुटाते हुए चंद घंटों के भीतर भारतमातापुरम कॉलोनी से वांछित आरोपी को दबोच लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी बिना किसी पुलिस सत्यापन के किराएदार के रूप में रह रहा था। इस लापरवाही पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत ₹10,000 का चालान किया।
गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।













