oplus_148897792
त्यागी समाज के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब त्यागी समाज चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आसफनगर में नहर किनारे बनने वाले त्यागी समाज भवन का विधिवत शिलान्यास किया गया। यह भवन न केवल समाज की एकजुटता का प्रतीक बनेगा, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का एक सशक्त केंद्र भी होगा।
इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोल्ड प्लस ग्लास कंपनी के संचालक एवं गोल्ड प्लस इंडस्ट्रीज के वाइस चेयरमैन सुरेश त्यागी मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि सतीश त्यागी और वशिष्ठ अतिथि सत्येंद्र त्यागी ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में त्यागी समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्य अतिथि सुरेश त्यागी ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि “समाज के काम आना ही सबसे बड़ी इंसानियत है।” उन्होंने कहा कि यह भवन समाज को नई दिशा देगा और आने वाले समय में सामाजिक एकजुटता का मजबूत आधार बनेगा। साथ ही उन्होंने ट्रस्ट को हर समाजहित के कार्य में सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में पहुंचे विधायक प्रदीप बत्रा ने भी त्यागी समाज के इस प्रयास की सराहना की और भवन निर्माण में अपनी ओर से पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थायी भवन समाज को जोड़ने और आने वाली पीढ़ियों को संस्कार देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वहीं विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र त्यागी और सतीश त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज का यह प्रयास प्रशंसनीय है, जो शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूती देगा। ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. राकेश त्यागी ने इसे शहर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता त्यागी समाज चेरिटेबल ट्रस्ट रुड़की के अध्यक्ष नवीन त्यागी ने की। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजजनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भवन समाज की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब साकार हो रही है।
इस मौके पर भवन निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं और सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संयुक्त रूप से एडवोकेट बृजेश त्यागी और महामंत्री विकास त्यागी ने किया।












