पिरान कलियर से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है।
दरगाह साबिर पाक परिसर में मनचलों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे न सिर्फ जायरीनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि दरगाह की पवित्रता और शांति भी भंग हो रही है।
स्थानीय लोगों और जायरीनों का कहना है कि शाम होते ही सैकड़ों की संख्या में आवारा युवक दरगाह परिसर में जमा हो जाते हैं। ये युवक नशे में धुत होकर गाली-गलौच, मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। कई बार जायरीनों के साथ भी बदसलूकी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे श्रद्धालु खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बीती शाम भी मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले भी इस तरह के कई वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन हालात में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा।
हैरानी की बात यह है कि दरगाह परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मचारी भी इन मनचलों पर लगाम लगाने में नाकाम नजर आ रहे हैं। ऐसे में दरगाह प्रबंधन और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों और जायरीनों ने प्रशासन से मांग की है कि दरगाह परिसर में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए और मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं।
अब सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और कब दरगाह की पवित्रता व जायरीनों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे?












