धनौरी बाजार का बताया जा रहा यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक जैसे ही दुकान से बाहर निकलता है, पहले से मौजूद कुछ युवक उसे घेर लेते हैं और देखते ही देखते उसके साथ हाथापाई शुरू कर देते हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बने नजर आते हैं।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को जस्वावाला गांव से एक बारात भोगपुर गांव गई थी। वहीं किसी बात को लेकर दोनों गांवों के युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मौजूद लोगों ने समझाइश देकर मामला शांत करा दिया था। लेकिन बाद में यह विवाद धनौरी बाजार में मारपीट की घटना के रूप में सामने आया।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













