देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने रुड़की में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 6/2026 के तहत यह कार्रवाई की गई।
आरोपी राखी सैनी, जो कि बाल विकास अधिकारी कार्यालय रुड़की ग्रामीण द्वितीय में सुपरवाइजर के पद पर तैनात है, उस पर एक कर्मचारी से प्रमोशन कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और बुधवार को उसे रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ दबोच लिया।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के अधिकारी धर्मवीर सिंह का नाम भी सामने आ रहा है।
फिलहाल सतर्कता टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।













