कला शिक्षक मंच हरिद्वार के तत्वावधान में मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय सभागार, रोशनाबाद में 31 मार्च 2026 तक सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य जिला स्तरीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न राजकीय विद्यालयों से सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता होते हैं, जिनके मार्गदर्शन से ही राष्ट्र का भविष्य सशक्त बनता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों द्वारा दिए गए ज्ञान, संस्कार और अनुशासन समाज को निरंतर दिशा प्रदान करते हैं और उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम संयोजक सुखदेव सैनी ने कहा कि यह आयोजन शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का एक विनम्र प्रयास है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देगा।
वहीं सहसंयोजक विकास कुमार शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य धरोहर है और उनकी शिक्षाएं सदैव मार्गदर्शक बनी रहेंगी।
इस अवसर पर कला शिक्षक मंच के संरक्षक ओमकार सैनी, श्री सत्येंद्र कुमार, श्री सदाशिव भास्कर, श्री कुलदीप सिंह सैनी एवं श्रीमती अंजलि चौहान सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत भावपूर्ण रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
सम्मानित शिक्षकगण:
प्रधानाचार्य सुबोध कुमार, सुभाष चंद्र शर्मा, अजय बहादुर सिंह, मंजू कौशिक, डॉ. अर्चना गुप्ता, उर्मिला रावत, असीमा विश्वास, विभा श्रीवास्तव, कुसुम लता रतूड़ी, नरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह, जसवीर सिंह, रामाश्रय यादव, रमेश चंद्र शाक्य, नसीरुद्दीन, पूर्वेंद्र कुमार, सुशील कुमार चौधरी एवं अमानतुल्लाह खान सहित अन्य शिक्षक सम्मानित किए गए।













