हरिद्वार के विकासखंड बहादराबाद अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कटारपुर में गुरुवार सुबह एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
विद्यालय के प्रभारी के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 07:20 बजे जब वे स्कूल पहुंचे, तो देखा कि पुराने कार्यालय सहित सभी कक्षों के ताले टूटे हुए थे और अंदर रखा सामान बुरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा था।
चोरों ने प्रधानाध्यापक कक्ष में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 4 टैबलेट पर हाथ साफ कर दिया। इसके साथ ही स्कूल के महत्वपूर्ण पुराने अभिलेखों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित होने की आशंका है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि चोर बाथरूम क्षेत्र तक पहुंचे और वहां रखी सीढ़ी का इस्तेमाल कर अन्य कमरों में दाखिल हुए। मिड डे मील (एमडीएम) कक्ष में भी जमकर तोड़फोड़ की गई, जहां से करीब 250 थालियां और गिलास चोरी कर लिए गए। बच्चों के उपयोग में आने वाले बर्तन भी नहीं छोड़े गए।
इतना ही नहीं, स्कूल में पीटी के लिए रखा ड्रम तोड़कर उसका पीतल वाला हिस्सा भी चुरा लिया गया। किचन कक्ष में घुसने की कोशिश की गई, लेकिन इंटरलॉक मजबूत होने के कारण चोर अंदर नहीं जा सके।
चोरों ने विद्यालय परिसर में संचालित दो आंगनवाड़ी केंद्रों को भी निशाना बनाया। वहां के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया गया।
इस घटना से स्कूल की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ने की आशंका है। विद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी है और पुलिस से जल्द जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।













