रूड़की मे स्थित विनय विशाल अस्पताल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही अस्पताल के सभी फ्लोर पर तेजी से धुआं फैल गया, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और कई जरूरी मशीनें अस्थायी रूप से बंद हो गईं। खासकर ICU में भर्ती मरीजों को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य आवश्यक उपकरण प्रभावित हो गए थे।
हालांकि, अस्पताल प्रशासन और स्टाफ की तत्परता से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर में लगी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुआं फैलते ही तीमारदार अपने मरीजों को लेकर जल्दबाजी में बाहर निकलते दिखाई दिए।
अस्पताल संचालक डॉ. विशाल घई ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। ICU को दोबारा चालू कर दिया गया है और वेंटिलेटर सहित सभी जरूरी उपकरण सुचारु रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।













