रुड़की। भारत विकास परिषद की अविरल गंगा शाखा, रुड़की द्वारा 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस के अवसर पर शिवालिक पब्लिक स्कूल में “पृथ्वी बचाओ, पृथ्वी से प्यार करो” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाखा की पर्यावरण संयोजक श्रीमती नीलम शर्मा ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक व्याख्यान देते हुए पर्यावरण संरक्षण और पृथ्वी के प्रति हमारी जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी।
इसके पश्चात चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आकर्षक पोस्टर तैयार किए। विशेष रूप से छात्रों ने हर्बल पौधों के चित्र बनाकर उनके बॉटनिकल नाम, प्रचलित नाम, उपयोगिता, रोपण का समय और देखभाल से जुड़ी जानकारी भी प्रस्तुत की, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक और रोचक बन गया।
इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर एवं शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री शिवचरण पुंडीर और विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शाखा की उपाध्यक्ष श्रीमती उर्मिला पुंडीर ने भी अपने विचार साझा करते हुए छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नीलम मधोक और ममता गुप्ता सहित विद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में शाखा अध्यक्ष श्रीमती रीति वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले एवं पृथ्वी दिवस पर विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को शीघ्र ही प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए जाएंगे।













