रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में कथित गौ हत्या और गोवंश कटान के मामले को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के बाद अब करणी सेना भी सड़क पर उतर आई है। शुक्रवार को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड से रामनगर कोतवाली तक प्रदर्शन कर पुलिस का घेराव किया और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
करीब तीन दिन पहले खताड़ी क्षेत्र में अज्ञात तस्करों द्वारा कथित रूप से गोवंशीय पशु का कटान किए जाने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी के विरोध में करणी सेना के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचकर पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सूरज चौधरी ने कहा कि रामनगर पुलिस ने मामले में अब तक जो कार्रवाई की है, वह सराहनीय है, लेकिन जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही संगठन ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गौ माता को राज्य माता घोषित करने की मांग की थी, लेकिन इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ। इसके बाद रामनगर में हुई इस घटना ने सरकार पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने की मांग की।
वहीं, रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस को मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस की टीमें लगातार जांच में जुटी हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बाइट: सूरज चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष, करणी सेना













