रुड़की शहर के पुराना रेलवे रोड, गणेशपुर क्षेत्र में बच्चों के बेहतर इलाज के उद्देश्य से ‘सेरेनिटी चिल्ड्रन हॉस्पिटल’ का भव्य शुभारंभ किया गया। तीन मंजिला आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल की स्थापना डॉ. मो. शाबान एवं डॉ. ऋषभ यादव द्वारा संयुक्त रूप से की गई है।
अस्पताल का उद्घाटन उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, कलियर विधायक फुरकान अहमद, लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की।
अस्पताल में नवजात शिशुओं एवं बच्चों के उपचार के लिए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें एनआईसीयू, वेंटिलेटर, फोटोथेरेपी, इन्क्यूबेटर, वार्मर, पीलिया उपचार की विशेष सुविधा, संपूर्ण टीकाकरण, 24 घंटे इमरजेंसी एवं भर्ती की सुविधा शामिल हैं। इसके अलावा 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के सभी प्रकार के रोगों के उपचार की व्यवस्था की गई है।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 24×7 एनआईसीयू एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे गंभीर स्थिति में बच्चों को तुरंत उपचार मिल सके।
अस्पताल के संचालक डॉ. मो. शाबान और डॉ. ऋषभ यादव ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य रुड़की एवं आसपास के क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि अभिभावकों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े।













