रुड़की के राजपूताना मोहल्ले में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मोहल्ले वासियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गली संकरी होने के कारण अग्निशमन विभाग को छोटे वाहन की मदद से आग पर काबू पाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह गोदाम माचिस, बीड़ी, सिगरेट समेत अन्य सामान के भंडारण के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। पंकज नामक व्यक्ति द्वारा मकान के निचले हिस्से को गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा माचिस, बीड़ी, सिगरेट का सामान, एक बाइक और कुछ घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।













