लक्सर में पुलिस अभिरक्षा के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार आज तड़के करीब चार बजे उसने दम तोड़ दिया। विनय त्यागी की मौत के बाद अब इस मामले में पुलिस द्वारा हत्या की धारा जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि बुधवार को हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को रुड़की उपकारागार से लक्सर न्यायालय में पेशी के लिए पुलिस सुरक्षा में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने ओवरब्रिज पर मौका देखकर पुलिस अभिरक्षा में ही विनय त्यागी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार दिलाया और हालत नाजुक होने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली लगने से विनय त्यागी की आंतों में गंभीर चोटें आई थीं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस सनसनीखेज हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य आरोपी सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह, निवासी गुलजारपुर, थाना काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उम्र 28 वर्ष और अजय पुत्र कुंवर सैन, निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना कोतवाली काशीपुर, जनपद उधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों से पूछताछ जारी है। वहीं, विनय त्यागी की मौत के बाद कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।









