रुड़की में कश्यप समाज द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को उत्सवमय माहौल में बदल दिया।
इस भव्य शोभायात्रा की शुरुआत पश्चिमी अंबर तालाब स्थित कश्यप समाज धर्मशाला से हुई… जो सिविल लाइंस, मुख्य बाजार सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कश्यप घाट पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की धुन पर युवा झूमते नजर आए… वहीं आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम संयोजक अरविंद कश्यप ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों पर जोर दिया।
कार्यक्रम में हरियाणा के विधायक रामकुमार कश्यप, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने ऐसे आयोजनों को समाज की एकता और संस्कृति को मजबूत करने वाला बताया।
इस दौरान महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।
वहीं प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।













