भगवानपुर क्षेत्र के अंतर्गत आज लखेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में केमिकल ड्रमों की धुलाई के दौरान दो किशोर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने देहरादून रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार लखेश्वरी–सिकंदरपुर मार्ग पर स्थित फैक्ट्री में 15 वर्षीय आकिल और 16 वर्षीय सावेज (निवासी छापुर शेर अफगानपुर) को केमिकल ड्रम साफ करने के काम पर लगाया गया था। परिजनों का आरोप है कि ड्रम धोते समय अचानक दोनों के शरीर में तेज जलन और खुजली होने लगी, जिसके बाद उनकी त्वचा झुलसने लगी। घटना से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में दोनों किशोरों को आरोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च उपचार के लिए देहरादून रेफर कर दिया।
मंगलवार को परिजनों ने भगवानपुर थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी राजीव रोथान ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फैक्ट्री प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और नाबालिगों से कराए जा रहे कार्यों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं













