जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। ज्वालापुर कोतवाली पुलिस और एलआईयू की संयुक्त टीम ने एक बांग्लादेशी महिला को फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सत्यापन अभियान के दौरान ज्वालापुर के वैष्णवी एन्क्लेव इलाके में एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में महिला ने पहले अपना नाम स्वीटी बताया, लेकिन सख्ती करने पर उसकी असली पहचान सहेला बेगम, निवासी कुमिल्ला (बांग्लादेश) के रूप में सामने आई।
जांच में खुलासा हुआ है कि महिला साल 2023 में सोशल मीडिया के जरिए श्यामदास के संपर्क में आई थी और उसी के कहने पर भारत पहुंची। वीजा खत्म होने के बावजूद वह दिल्ली और फिर हरिद्वार में रह रही थी। इस दौरान उसने श्यामदास की मदद से आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और मैरिज सर्टिफिकेट जैसे कई फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए।
पुलिस ने महिला के पास से बांग्लादेश का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किया है। वहीं इस पूरे मामले में सहयोग करने वाले श्यामदास, निवासी बिलासपुर छत्तीसगढ़, को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुटी हुई है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।













