रुड़की। क्षेत्रीय विधायक प्रदीप बत्रा ने आज राजकीय उप जिला चिकित्सालय (सिविल अस्पताल), रुड़की में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करते हुए अत्याधुनिक ‘केमिलुमिनेसेंस (Chemiluminescence)’ मशीन का विधिवत लोकार्पण किया।
इस मशीन के स्थापित होने से अब रुड़की एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जटिल रक्त जांचों के लिए निजी लैब या बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
सटीक और त्वरित जांच से मरीजों को मिलेगी राहत
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनता को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक मशीन की मदद से अब सिविल अस्पताल में ही हार्मोन जांच (TFT, LH, FSH), कैंसर मार्कर सहित अन्य जटिल रक्त परीक्षण कम समय में और उच्च सटीकता के साथ किए जा सकेंगे। इससे विशेष रूप से निर्धन एवं मध्यम वर्ग के मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन ने जताया आभार
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कंसल ने विधायक प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मशीन के आने से अस्पताल में डायग्नोसिस की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
कार्यक्रम में मनोज नवानी, डॉ. रजत, संजय, तेजबीरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।













