रुड़की में यूजर चार्ज को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को महानगर कांग्रेस ने नगर आयुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और यूजर चार्ज को तत्काल वापस लेने की मांग उठाई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह शुल्क शहर की जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। उनका आरोप है कि नगर निगम अपने संसाधन होने के बावजूद एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए यूजर चार्ज लागू कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर यह फैसला वापस नहीं लिया गया, तो नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी कर बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि जनता लगातार यूजर चार्ज का विरोध कर रही है, लेकिन नगर निगम उनकी आवाज़ सुनने के बजाय इस फैसले पर अड़ा हुआ है। वहीं पूर्व मेयर गौरव गोयल ने आरोप लगाया कि पहले स्मार्ट बिजली मीटर और अब यूजर चार्ज के जरिए आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्णय वापस होने तक यूजर चार्ज का भुगतान न करें।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया। दूसरी ओर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यूजर चार्ज का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पहले ही पारित हो चुका है और शासन के निर्देशों के अनुसार इसे लागू किया जा रहा है।






