रुड़की। बचपन प्ले स्कूल द्वारा पैरेंट्स डे के अवसर पर द गोल्ड्स जिम, रुड़की में एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए विभिन्न मनोरंजक खेलों, टीम एक्टिविटीज़, फिटनेस एवं योग सत्रों का आनंद लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और बच्चों के बीच प्रेम, विश्वास और आपसी सहयोग को मजबूत बनाने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम तथा फिट रहने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए विशेष योग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में ज़ुम्बा सेशन, “क्रॉल लाइक अ बेबी”, “मिरर मी”, आर्म रेसलिंग और मिनी योगा सेशन जैसी कई आकर्षक एवं ऊर्जावान गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का संचालन 200+ घंटे की एडवांस लेवल प्रमाणित योग प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर की योग प्रतिनिधि श्रीमती नंदिनी शर्मा ने किया।
पूरे आयोजन के दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। सभी प्रतिभागी परिवारों को सहभागिता के लिए एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट तथा द गोल्ड्स जिम की ओर से सिप्पर भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की एडमिन कोऑर्डिनेटर श्रीमती विनिता स्टेनली ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके निरंतर सहयोग, विश्वास और सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच संबंधों को और अधिक सशक्त बनाते हैं तथा बच्चों में स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय परिवार ने द गोल्ड्स जिम एवं सभी अभिभावकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पैरेंट्स डे समारोह आनंद, उत्साह, स्वास्थ्य जागरूकता और पारिवारिक सहभागिता का यादगार उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।













