रुड़की कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ई-रिक्शा और कार की जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला और बच्चों समेत छह लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा के मिलाप नगर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा से लक्सर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान नगला इमरती के पास सामने से आ रही कार से ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
हादसे में दिलशाद उम्र 32 वर्ष, अरशद उम्र 30 वर्ष और पांच वर्षीय उमर की मौत होने की जानकारी सामने आई है। तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।
वहीं खातिजा, नाजमा और चार बच्चों समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। नगला इमरती के प्रधान एवं भाजपा नेता रवि राणा भी मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
अस्पताल के बाहर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। हादसे की खबर से परिवार में मातम का माहौल है।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहनों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






