रामनगर के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में दो ग्रामीणों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जलावन की लकड़ी काटने गए दो ग्रामीणों को वन कर्मियों ने पकड़कर पहले उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और फिर फॉरेस्ट गार्ड ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पीड़ितों का मेडिकल कराने के बाद ग्रामीणों ने रामनगर कोतवाली में तहरीर देकर संबंधित फॉरेस्ट गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वीओ-1:मामला कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज का है। जानकारी के अनुसार ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नन्नू जंगल के किनारे भट्ठी के लिए जलावन की लकड़ी लेने गए थे। इसी दौरान वन विभाग की टीम ने दोनों को पकड़ लिया और रेंज कार्यालय ले गई। आरोप है कि वन विभाग द्वारा दोनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने और जुर्माना वसूलने के बाद फॉरेस्ट गार्ड अविनाश कुमार ने दोनों ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण ढेला रेंज कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेनी चाही तो वहां मौजूद फॉरेस्ट गार्ड कुमारी शिवानी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की और हाथापाई की कोशिश की। ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाने का दावा किया है।मारपीट के आरोपों के बाद ग्रामीण पीड़ितों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका मेडिकल कराया गया। इसके बाद सभी ग्रामीण रामनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपी फॉरेस्ट गार्ड के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वन विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।













