झबरेड़ा में सहारनपुर रोड स्थित प्रज्ञा हॉस्पिटल में मंगलवार को विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर देशराज कर्णवाल ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ उत्तराखंड के विजन को साकार करने में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में मरीजों को चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श दिया गया। साथ ही शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। महिला एवं बाल रोग विशेषज्ञों ने भी मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
चिकित्सा शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। हॉस्पिटल प्रबंधन की ओर से मरीजों का पंजीकरण कर उन्हें व्यवस्थित रूप से उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में प्रज्ञा हॉस्पिटल के चिकित्सक, स्टाफ तथा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई।













