रुड़की। महान क्रांतिकारी शहीद सरदार उधम सिंह के बलिदान दिवस पर शुक्रवार को आर्य समाज नंद विहार, रुड़की तथा शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच के अध्यक्ष श्री नीरज सैनी के निवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आर्य समाज के सदस्यों एवं अन्य राष्ट्रभक्तों ने सरदार उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अद्वितीय बलिदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर जिला आर्य प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने सरदार उधम सिंह के जीवन एवं उनके राष्ट्रप्रेम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जलियांवाला बाग हत्याकांड में निर्दोष एवं निहत्थे भारतीयों के नरसंहार ने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने बताया कि इस अमानवीय घटना का प्रतिशोध लेने के लिए सरदार उधम सिंह ने वर्षों तक धैर्य रखा और अंततः लंदन जाकर पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’ड्वायर की हत्या कर जलियांवाला बाग के शहीदों का बदला लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सरदार उधम सिंह का साहस, देशभक्ति और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। आर्य समाज नंद विहार एवं शहीद भगत सिंह आदर्श युवा मंच, रुड़की ने उनके बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी क्रांतिकारियों के त्याग और समर्पण को शत-शत नमन किया।













