रुड़की। राशन कार्ड बनाने, राशन वितरण में आ रही दिक्कतों और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को महानगर कांग्रेस ने रुड़की तहसील स्थित खाद्य आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि नए राशन कार्ड बनवाने और अन्य कार्यों के लिए लोगों को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। कभी वेबसाइट बंद होने का हवाला दिया जाता है तो कभी अन्य कारण बताकर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था तक नहीं है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात और तेज धूप से राहत के लिए कार्यालय परिसर में टीन शेड लगाने की भी मांग की गई।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि सरकार मुफ्त राशन देने के दावे कर रही है, लेकिन बड़ी संख्या में पात्र लोगों के राशन कार्ड निरस्त कर दिए गए हैं और नए कार्ड भी नहीं बनाए जा रहे हैं। इसके कारण कई जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाद्य आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। बाद में तहसीलदार विकास अवस्थी और खाद्य आपूर्ति निरीक्षक टी.एस. रावत ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की तथा समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेस ने अपना धरना समाप्त कर दिया।













