रुड़की की भगवानपुर कोतवाली पुलिस कलीम नाम के एक युवक के पीट-पीट कर हत्या करने वाले फरार चल रहे दो आरोपियों के घर आज ढोल नगाड़ों के साथ पहुंची है। जहां पर पुलिस के द्वारा माइक लगाकर दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तारी देने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही जल्द गिरफ्तारी नहीं देने पर पुलिस के द्वारा घरों की कुर्की करने की भी चेतावनी दी गई है। इस मामले में पुलिस के द्वारा पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
बता दे की सहारनपुर के एक गांव निवासी कलीम अपने भाई के साथ रोजगार की तलाश में भगवानपुर आया था। 17 मई की रात दोनों भाई खाना खाने के लिए धरोहर होटल पहुंचे थे। जहां पर उनका होटल संचालकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद होटल संचालको के द्वारा कलीम की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। हालांकि कलीम का भाई जान बचाकर किसी तरह मौके से फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस के द्वारा आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन तभी से हत्या में शामिल खुब्बनपुर गांव निवासी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान और ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह नाम के दो आरोपी फरार चल रहे है। जिसके बाद पुलिस आज बुधवार को करीब 10:00 बजे ढोल नगाड़ों के साथ फरार आरोपियों के घर पर पहुंची थी। जहां पर पुलिस के द्वारा माइक लगाकर दोनों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तारी देने की बात कही गई है और गिरफ्तारी नहीं देने पर घरों की कुर्की करने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा है।













