रुड़की की भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में भगवानपुर के पास धरोहर होटल पर मामूली विवाद के बाद होटल के स्वामी और कर्मचारियों के द्वारा देवबंद थाना क्षेत्र के बचीटी गांव निवासी कलीम नाम के 23 साल के एक युवक की लाठी डंडों से बेरहमी के साथ पीट पीट कर हत्या कर दी गई है। जिसके बाद आरोपियों ने कलीम के शव को नदी किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गए है। इस घटना के समय कलीम का भाई कामिल भी मौके पर मौजूद था। जिसने बड़ी मुश्किल से भाग कर अपनी जान बचाई है। फिलहाल पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र के खूबबनपुर गांव निवासी सौरभ चौहान पुत्र संजय कुमार,अंकित कुमार पुत्र संतोष कुमार, हर्ष पुत्र प्रवीण चौहान और गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर निवासी अनमोल सैनी पुत्र भीष्म सैनी और सहारनपुर के सोना सईद माजरा गांव निवासी विशाल सैनी पुत्र राजेश सैनी नाम के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि खुब्बनपुर गांव निवासी अर्पित पुत्र प्रवीण चौहान और ऋषिकेश सिंह पुत्र रमेश सिंह नाम के दो आरोपी अभी भी फरार चल रहे है।
बता दे की देवबंद थाना क्षेत्र के बचीटी गांव निवासी कलीम और कामिल नाम के दो भाई काम की तलाश में भगवानपुर क्षेत्र में आए थे। घटना की देर रात दोनों भाई खाना खाने के लिए धरोहर होटल पर पहुंचे थे। जहां पर किसी बात को लेकर उनका होटल के कर्मचारी और स्वामी के साथ विवाद हो गया। जिसके बाद होटल के कर्मचारियों और स्वामी के द्वारा लाठी डंडों से दोनों भाइयों के साथ जमकर मारपीट की गई है। इस दौरान कामिल मौका देखकर फरार होने में कामयाब हो गया है। जिसके बाद गुस्साए आरोपियों के द्वारा लाठी डंडों से पीट-पीट कर कलीम की हत्या कर दी गई है और उसके शव को कार में डालकर पास ही नदी किनारे फेंक कर फरार हो गए है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने कलीम के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसके बाद पुलिस के द्वारा पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस के द्वारा आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल लाठी डंडे और दो कार बरामद कर ली गई है। पुलिस अब फरार हुए दो आरोपियों की तलाश कर रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के द्वारा आज बुधवार को करीब 1:00 बजे तहसील स्थित अपने कार्यालय पर घटना का खुलासा करते हुए मामले की जानकारी दी गई है।













