रुड़की। Narendra Modi द्वारा असम से देश के करोड़ों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी की गई। इस अवसर पर रुड़की की नवीन कृषि मंडी समिति में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा लाइव प्रसारण दिखाया गया।
प्रधानमंत्री ने एक सिंगल क्लिक के माध्यम से देश के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में लगभग 18,640 करोड़ रुपये की धनराशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर की। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि आज किसान तकनीक और आर्थिक सहयोग के बल पर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
लाइव प्रसारण के दौरान मंडी परिसर में काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और व्यापारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंडी के अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर मंडी सचिव पंकज शाह, मंडी निरीक्षक विचित्र सिंह धीमान, सहायक लेखाकार अलकेश कुमार, अखिल गौतम, भगत सिंह, श्रीमती शल्की धीमान (कनिष्ठ सहायक), अनंत कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर), कालूराम (लेखाकार) और अतुल कुमार (लैब टेक्नीशियन) सहित मंडी समिति का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।













