पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस और गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने इमाम साहब रोड स्थित एक घेर में कथित अवैध पशु कटान का मामला पकड़ा है। पुलिस ने मौके से करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और कटान में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के अनुसार, पुलिस और गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम कलियर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को इमाम साहब रोड स्थित एक घेर में दो लोगों द्वारा बिना लाइसेंस पशु कटान किए जाने की सूचना मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तो दोनों व्यक्ति वहां मौजूद मिले।
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही दोनों आरोपी मौके पर मौजूद मांस छोड़कर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस के अलावा एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक सुवा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद निवासी वार्ड नंबर-1, कलियर और मोबिन निवासी मोहल्ला कस्साबान, ज्वालापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






