हरिद्वार ब्रेकिंग
उत्तराखंड मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान एक बार फिर सही साबित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश को लेकर जारी किया गया था ऑरेंज अलर्ट। हरिद्वार में जुलाई का स्वागत बारिश की बूंदों ने किया।
हरिद्वार में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रात करीब तीन बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। सुबह ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
बीते कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और वातावरण में ठंडक घुल गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आज दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी मानसून के सक्रिय बने रहने का अनुमान जताया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और निचले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल बारिश ने हरिद्वार वासियों को गर्मी से बड़ी राहत जरूर पहुंचाई है।













