रुड़की में सड़कों को रेस ट्रैक समझने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।
हूटर बजाकर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वाले चालकों के खिलाफ रुड़की पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
शुक्रवार को कोतवाली रुड़की क्षेत्र में चलाए गए विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों की अनदेखी कर रहे चार फोर व्हीलर वाहनों को सीज कर दिया।
दरअसल, 31 जनवरी को कोतवाली रुड़की पुलिस थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार वाहन चालक हूटर बजाते हुए और तेज गति से वाहन चलाकर न सिर्फ यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाते पाए गए, बल्कि आमजन की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रहे थे।
पुलिस ने अमन त्यागी निवासी मंदाकिनी कॉलोनी, विशाल सैनी निवासी डंडेरी ख्वाजगीपुर, युग सचदेवा निवासी आदर्श नगर और यश चौहान निवासी खंजरपुर के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान चारों वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
रुड़की पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेंगे।
वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, अनावश्यक हूटर और तेज रफ्तार से बचें और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी जिम्मेदारी समझें।












