रुड़की से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में हिंदू रक्षा दल के जिला अध्यक्ष विशाल चौहान पर गोली चलाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगा है। गोली लगने से घायल विशाल चौहान को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता गंगनहर कोतवाली पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान गंगनहर कोतवाली से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियाला गांव के पास उन पर गोली चलाने का आरोप है। गोली लगने से विशाल चौहान घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों और हिंदू संगठन से जुड़े लोगों की ओर से भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्ताओं पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इससे एक दिन पहले भी विशाल चौहान के साथ मारपीट की गई थी। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता गंगनहर कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे पुराना विवाद या किसी अन्य कारण की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच और घायलों के बयान के बाद ही गोलीकांड की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।






