रुड़की। उत्तराखंड सरकार के खाद्य आयुक्त सचिन कुर्वे के निर्देश पर प्रदेशभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को नई मंडी रुड़की में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने औचक निरीक्षण कर हड़कंप मचा दिया।
हरिद्वार से पहुंची एफडीए टीम ने सुबह-सुबह मंडी परिसर में विभिन्न फल व सब्जी विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की गहन जांच की। इस दौरान तरबूज, केला, खरबूज समेत कई फलों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान टीम ने केला पकाने वाले गोदामों की भी जांच की। यहां फलों को पकाने में इस्तेमाल हो रही गैस की वैधता को लेकर सवाल खड़े हो गए। कुछ संचालक निरीक्षण के दौरान गैस का वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर विभाग ने संबंधित गोदाम संचालकों और कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
अधिकारियों के अनुसार, कई व्यापारियों ने लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी होने की बात कही, लेकिन बिना वैध लाइसेंस गैस का उपयोग नियमों का उल्लंघन है। विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फलों को पकाने के लिए केवल एथिलीन गैस का ही उपयोग किया जाए।
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.एस. रावत, दिलीप जैन, योगेंद्र पांडे तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश शर्मा सहित पूरी टीम मौजूद रही।
एफडीए की चेतावनी:
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी













