विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रयास फाउंडेशन का जागरूकता अभियान, संगोष्ठी व वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा संगोष्ठी एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य पंकज सिंघल के आवास स्थित सीताराम वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और वृक्षारोपण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर ट्रस्ट के वरिष्ठ सदस्य पंकज सिंघल ने प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व सदस्य (वन एवं पर्यावरण) विकास त्यागी को पर्यावरण एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विकास त्यागी ने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग और मौसम चक्र में हो रहे असामान्य बदलाव मानवता के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने तथा पर्यावरण संरक्षण की मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में जीआईसी इंटर कॉलेज परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान नीम, आंवला और अर्जुन जैसे औषधीय पौधों के साथ-साथ चीकू एवं अमरूद के फलदार पौधे लगाए गए। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने छात्रों और शिक्षकों को पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विक्रांत पुंडीर ने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर प्राप्त किया गया विकास अंततः विनाश का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन को भी समान प्राथमिकता देता है।
अभियान के तहत नेहरू नगर स्थित सीताराम वाटिका में एक प्रेरणादायी पहल भी की गई। यहां पंकज सिंघल ने अपने दिवंगत पिता की स्मृति में आंवले का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर हार्दिक त्यागी एवं पंकज सिंघल ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के विशेष अवसरों या अपने पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।













