पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर में अकरम पठान ने चौथे मनोनीत सभासद के रूप में पद एवं दायित्व की शपथ ग्रहण की। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अधिशासी अधिकारी कुलदीप चौहान ने नगर पंचायत अध्यक्ष की उपस्थिति में अकरम पठान को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
अकरम पठान लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े रहे हैं। उनके मनोनयन के साथ ही नगर पंचायत पिरान कलियर में भाजपा के चार मनोनीत सभासद हो गए हैं। इनमें मुरसलीन बाबा, समीम सलमानी, श्याम सिंह और अकरम पठान शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत के सभासदों के अलावा स्थानीय लोग और नगर पंचायत से जुड़े अन्य लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित लोगों ने अकरम पठान का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में अकरम पठान ने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें नगर पंचायत में जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी।
अकरम पठान ने कहा कि सभी मनोनीत सभासद नगर पंचायत के विकास कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा और जनता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने और नगर पंचायत के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही।






