रुड़की में जिला कांग्रेस कमेटी ने शहर की बिगड़ती व्यवस्थाओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर शहर की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस कमेटी महानगर अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से शहर की कई गंभीर समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि रुड़की में रसोई गैस की भारी किल्लत बनी हुई है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिस पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है।
इसके अलावा नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस ने खाद्य आपूर्ति विभाग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नए राशन कार्ड नहीं बनाए जा रहे हैं, जिससे गरीब लोग आयुष्मान योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और संगठित रूप से चल रहे देह व्यापार पर भी चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर शहर की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, तो जिला कांग्रेस कमेटी सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।













