रामनगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बस चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। साथ ही स्कूल प्रबंधन पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर सुध तक नहीं ली। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नई बस्ती लालढांग निवासी 41 वर्षीय हरकेश सिंह सैनी शुक्रवार दोपहर दवाई लेने के लिए हिम्मतपुर ब्लॉक गए थे। दवाई लेकर घर लौटते समय ग्रेट मिशन पब्लिक स्कूल के पास एक निजी स्कूल की बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि हरकेश सिंह सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई चंद्र मोहन ने आरोप लगाया कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद मृतक का शव काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन स्कूल प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
उधर पुलिस का कहना है कि स्कूल बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है तथा परिजनों से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।i













